गाजियाबाद। कड़ाके ठंड से जिले भर के लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त है। बुधवार को दिन भर सूरज नहीं निकला, जिससे लोग सर्दी से ठिठुरते नजर आए। वहीं, अधिकतम तापमान 15 और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अरविंद यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 15 और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। साथ ही रात 10 बजे के बाद कोहरा पड़ने से दृश्यता कम रहेगी। इस दौरान रात को पाला पड़ने से ठिठुरन बढ़ेगी। ऐसे में बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की जरूरत है।
वहीं, इस समय पड़ रही सर्दी पशुओं को भी सता रही है। 20 से ज्यादा गोशाला में पिछले एक सप्ताह में 12 पशुओं की मौत हो चुकी है। 50 पशु बीमार चल रहे हैं। मोदीनगर, लोनी, मुरादनगर, रजापुर के कई गांवों में भी इसी तरह 20 पशुओं की मौत हो चुकी है। जिला पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीएस पांडेय ने बताया कि पशुओं की नियमित जांच और टीकाकरण कराया जा रहा है। सर्दी में गर्म तासीर का चारा और आहार देने के लिए पशु पालकों को सलाह दी जा रही है।