नोएडा से इलाहाबाद और लखनऊ तक चलेंगी एसी बसें
गर्मी में यात्रियों के आरामदायक सफर के लिए रोडवेज ने तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही रोडवेज विभिन्न रूटों पर समर स्पेशल एसी बसें चलाने जा रहा है। भीषण गर्मी में भी समर स्पेशल एसी बसों में आरामदायक सफर मिल सकेगा।
गर्मियों के दौरान लंबे रूटों के यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज समर स्पेशल सुविधा शुरू करने जा रहा है। मई-जून में भीषण गर्मी के दौरान एसी बसों में सफर करने वालों की संख्या बढ़ जाती है। इसे देखते हुए रोडवेज ने लखनऊ, कानपुर, हरिद्वार, देहरादून, गोरखपुर, मसूरी, इलाहाबाद और झांसी आदि रूटों पर करीब 50 एसी बसें चलाने का निर्णय लिया है।
रोडवेज के एआरएम अनिल कुमार ने बताया कि सभी एसी बसों को दुरुस्त किया जा रहा है। बसों की मरम्मत का काम वर्कशॉप में जारी है। जल्द ही इन्हें सड़क पर उतार दिया जाएगा।
इसके साथ ही कुछ प्राइवेट बस ऑपरेटरों से बात की जा रही है। उनके साथ भी कांट्रेक्ट कर एसी बसों को विभिन्न रूटों पर चलाया जाएगा ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।।
एसी बसों का किराया हो सकता है कम
अधिकारियों का कहना है कि अगर बसों को सवारियां पूरी मिलती हैं तो एसी बसों का किराया कुछ कम किया जा सकता है। हालांकि इस पर अंतिम निर्णय मुख्यालय की ओर से ही लिया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए इन बसों को नो प्रॉफिट नो लॉस पर भी चलाया जा सकता है।