बीबीनगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का निकाला गया डोला पंखा में शामिल झांकी। संवाद
बीबीनगर। बारिश की आशंका के बीच भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पारंपरिक डोला-पंखा बड़े धूमधाम से निकाला गया। शनिवार देर शाम से ही कस्बे की गलियां हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की जयकारों से गूंज उठीं। यह आयोजन भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ।
श्री अनुराग मंडल के तत्वावधान में बाबा बुद्धनाथ की कुटी से डोला-पंखा का शुभारंभ हुआ। इसमें डीजे, बैंड-बाजे, ताशा और डांस पार्टी शामिल रहे। कीर्तन मंडली और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित आकर्षक धार्मिक झांकियां मुख्य आकर्षण थीं। मार्ग में श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा से डोला-पंखा का भव्य स्वागत किया। आयोजन अध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा रहे। पूर्व अध्यक्ष मोदीनगर संजय शर्मा मंडोना जाफराबाद ने इसका उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि विक्रम सिंह और विक्रांत चौधरी थे।
झांकी प्रतियोगिता और व्यवस्थाएं
झांकी प्रतियोगिता इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रही। इसमें सुदर्शन चक्र वाली श्रीकृष्ण झांकी को प्रथम पुरस्कार 10,100 रुपये मिला। राधा-कृष्ण झांकी को द्वितीय पुरस्कार 8,100 रुपये और बाल लीलाओं की झांकी को तृतीय पुरस्कार 6,100 रुपये प्रदान किया गया। आयोजन की व्यवस्थाएं उपाध्यक्षों, संरक्षक मंडल, मंत्रिमंडल और संगठन मंत्री के सदस्यों ने संभालीं। सत्संग प्रमुख की जिम्मेदारी राजकुमार शर्मा ने निभाई। डोला-पंखा में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
-
बीबीनगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का निकाला गया डोला पंखा में शामिल झांकी। संवाद