पत्नी फांसी लगा रही थी, पति पुलिस बुला रहा था
गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक चौंकाने वाला मामला देखने को मिला। पत्नी कमरे में बंद होकर फांसी लगाने लगी और पति उसे बचाने की जगह पुलिस बुलाने में जुट गया। इंस्पेक्टर के कहने पर पति ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर पत्नी को बचा लिया। पुलिस के मुताबिक क्रिश्चियन नगर बागू में रहने वाले एक व्यक्ति ने कंट्रोल रूम पर फोन किया कि उसका पत्नी से झगड़ा हो गया है। गुस्से में पत्नी खुद को कमरे बंद कर फांसी लगाने की कोशिश कर रही है। पति ने गुहार लगाई कि जल्दी पुलिस भेजकर उसकी पत्नी को बचा लिया जाए। इसके बाद उसने एसएचओ विजयनगर को फोन किया तो उन्होंने पीआरवी व चौकी इंचार्ज को मौके पर भेज दिया।
दरवाजे के बाहर खड़े हो तो पत्नी को बचाओ
इंस्पेक्टर श्यामवीर ने पुलिस भेजकर पति को फोन किया। उससे पूछा कि वह कहां खड़ा है। उसने बताया कि जिस कमरे में उसकी पत्नी फांसी लगा रही है, वह उसके गेट के पास खड़ा है। इस पर इंस्पेक्टर ने चिल्लाकर कहा कि पुलिस तो पहुंच ही रही है। वह खुद भी लोगों की मदद से पत्नी को बचाए। इसके बाद पति ने पड़ोसियों को बुलाकर दरवाजा तोड़ा और पत्नी को फांसी लगाने से बचा लिया।