रैंकिंग सुधारने के लिए बीएसए ने बनाई रणनीतिक कार्ययोजना
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद। जिले में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए निपुण भारत मिशन की रणनीतिक कार्ययोजना जारी कर दी गई है। इस सत्र में कक्षा एक से पांच तक के सभी विद्यार्थी निपुण असेसमेंट परीक्षा में हिस्सा लेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने यह कार्ययोजना खंड शिक्षा अधिकारियों, डायट मेंटरों, एसआरजी और एआरपी को भेजी है।
योजना का मुख्य लक्ष्य आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान में सुधार कर विद्यार्थियों को निपुण बनाना है। बीते दो वर्षों से जिला निपुण रैंकिंग में 63 और 65वें स्थान पर रहा है। रैंकिंग सुधारने के लिए इसे तैयार किया गया है।
शैक्षणिक पहल : सितंबर में बेसलाइन, दिसंबर में मिडलाइन और मार्च में एंडलाइन आकलन होगा। शिक्षक विद्यार्थी-स्तरीय आंकड़े संकलित कर खंड और जिला स्तर पर साझा करेंगे। कक्षा 1-2 के लिए समर्पित शिक्षक रखे जाएंगे। संदर्शिका आधारित और उपचारात्मक शिक्षण पर जोर होगा। समाचारपत्रों को भी शिक्षण संसाधन के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।
प्रशासनिक पहल : जिला समन्वयक और बीईओ संघर्षशील विद्यालयों का नियमित भ्रमण करेंगे। कक्षा 1-2 के शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखा जाएगा। बीईओ, जिला समन्वयक प्रशिक्षण और निपुण चुनौतीपूर्ण विद्यालयों का मासिक संयुक्त भ्रमण करेंगे।
सामुदायिक सहभागिता: विद्यालय प्रबंध समिति और अभिभावक-शिक्षक बैठकों के जरिए अभिभावकों को जोड़ा जाएगा। पीटीएम के लिए प्रेरणादायक वीडियो भी दिए जाएंगे। प्रत्येक एआरपी 10 विद्यालयों को गोद लेकर शैक्षणिक सहयोग करेगा। मासिक आंकड़ों के आधार पर अतिरिक्त सहयोग वाले स्कूल चिह्नित किए जाएंगे।