नगर की सुदामापुरी कॉलोनी में सोते समय बिस्तर से नीचे गिरे छात्र विवेक की बिजली का करंट लगने से शुकवार सुबह मौत हो गई। विवेक के बिस्तर के नीचे बिजली का बोर्ड था उसकी चपेट में आने से हादसा हुआ। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया। इकलौते पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
दिनेश कुमार अपनी पत्नी कमलेश और 21 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार व पुत्री छाया के साथ नगर की सुदामापुरी कॉलोनी में किराए के मकान में रहते है। दिनेश कुमार मजदूरी करते है और विवेक इस बार इंटरमीडिएट करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
दिनेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार रात परिवार के चारों सदस्य एक ही बिस्तर पर सोए हुए थे। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे विवेक करवट लेते समय बिस्तर से नीचे गिर गया और नीचे रखे बिजली के बोर्ड की चपेट में आ गया। कमरे हलचल हुई तो दिनेश, कमलेश और छाया नींद से जागे।
उन्होने नीचे गिरे विवेक को तड़पते देखा तो चीख निकल गई। दिनेश ने किसी तरह बोर्ड की सप्लाई बंद की और विवेक को उपचार के लिए नगर के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां चिकितसकों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया। दोस्तों ने बताया कि विवेक मेधावी छात्र था। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया।