बीबीनगर। थाना क्षेत्र में ढकोली नहर के पास पुल पर तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार कथावाचक उमेश कुमार (48 वर्ष) की मौत हो गई। उनके बेटे भूपेश (20 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं। बुधवार दोपहर करीब 12.50 बजे पिता-पुत्र नली गांव से कथा-हवन कराकर लौट रहे थे। अहमदानगर निवासी अभिषेक ने आरोपी टेंपो चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने घायलों को सीएचसी बीबीनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उमेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। भूपेश का उपचार जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करेगी।