फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: यात्रियों की भीड़ के आगे रोडवेज के इंतजाम धड़ाम, बसों के लिए भटकते रहे लोग

विज्ञापन
विज्ञापन
बुलंदशहर। दिवाली और भाई दूज का त्योहार मनाने के बाद नौकरी पर लौटने की जल्दबाजी में रोडवेज बसों में बृहस्पतिवार को यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के इंतजाम इस भीड़ के आगे नाकाफी साबित हुए। बस स्टैंड से लेकर प्रमुख चौराहों तक यात्री बसों के लिए भटकते रहे।
विज्ञापन

पांच दिवसीय दीपोत्सव के दौरान दूसरे शहरों और राज्यों से लोग त्योहार मनाने घर आए थे। अब त्योहार संपन्न होने के बाद उनके वापस लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। भाई दूज के बाद बहनें भी अपने ससुराल लौट रही हैं, जिससे रोडवेज बसों में लगातार भीड़ बनी हुई है। परिवहन निगम की व्यवस्थाएं कमजोर नजर आईं और बस अड्डे पर भी यात्रियों को सीट नहीं मिल सकी। बसों में चढ़ने और सीट पाने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की और नोकझोंक होती रही। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ी।

शिकारपुर बाईपास, डीएवी तिराहा, वलीपुरा, भूड़ चौराहा, स्याना बस अड्डा और अनूपशहर बस अड्डे सहित जिले के प्रमुख स्थानों पर यात्री बसों के इंतजार में खड़े रहे। दिल्ली और अलीगढ़ की ओर जाने वाले यात्रियों को भूड़ चौराहे पर 20 से 40 मिनट तक बसों का इंतजार करना पड़ा। वहीं, जो बस पहुंची, वह पहले से ही क्षमता से अधिक यात्रियों से भरी थी। भीड़ के चलते महिलाओं और बच्चों को बसों में चढ़ने में सबसे अधिक परेशानी हुई।
विज्ञापन


रोडवेज बसों में जगह नहीं मिलने पर लोगों को मजबूरन निजी बसों और डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ा। भूड़ चौराहे पर बस का इंतजार कर रहे बुद्धपाल सिंह ने बताया कि वह करीब 30 मिनट से खड़े हैं। डीएवी तिराहे पर बच्चों के साथ खड़ी सरला ने बताया कि बसें देरी से आ रही हैं और भरी हुई हैं, जिससे बच्चों व सामान के साथ चढ़ना मुश्किल है। भूड़ चौराहे पर दिल्ली जाने के लिए खड़े प्रज्ज्वल और हर्ष ने भी लंबी प्रतीक्षा के बावजूद भरी बसें मिलने की बात कही।

कोट
निगम की बसों का संचालन अभी भी जारी है। यात्रियों की वापसी को देखते हुए दिल्ली रूट पर सर्वाधिक बसें लगाई गई हैं। बस अड्डे पर पहुंचते ही तत्काल रवाना किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को समय से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। - परमानंद, एआरएम, बुलंदशहर डिपो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें