फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: सब्जी मंडी में नगर निगम के दस्ते पर पथराव

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। मालीवाड़ा सब्जी मंडी में शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पाॅलिथीन जब्त करने के लिए पहुंचे नगर निगम के प्रवर्तन दस्ते पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए कुछ दुकानदारों ने पथराव कर दिया। पत्थर लगने से दस्ते में शामिल हवलदार हरीश कुमार का सिर फूट गया। इसके बाद दस्ते ने दुकानदारों पर लाठियां फटकार दीं।
विज्ञापन

इस कार्रवाई से दुकानदार और भड़क गए और उन्होंने दुकानें बंद करके हंगामा कर दिया। करीब आधा घंटे के हंगामे के बाद टकराव के हालात के बीच दोनों पक्ष सिहानी गेट थाना पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस ने केस सिर्फ दस्ते की ओर से दर्ज किया है। इस पर व्यापारियों ने थाने में हंगामा प्रदर्शन किया।

प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल (रिटायर्ड) दीपक कुमार ने बताया कि प्रतिबंधित पाॅलिथीन के खिलाफ अभियान कई दिन से चल रहा है। इसी के तहत सब्जी मंडी में पाॅलिथीन को जब्त करने के साथ जुर्माने के चालान काटे जा रहे थे। किराना दुकानदार विकास कुमार की दुकान पर कार्रवाई के समय आसपास के व्यापारी भी आ गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा था। इसी बीच किसी ने दस्ते में शामिल जवानों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया।
विज्ञापन

वे लोग संभल भी नहीं पाए थे कि कुछ दुकानदारों ने दस्ते पर पथराव कर दिया। इसके बाद वहां और भी दुकानदार आ गए और दस्ते को घेर लिया। किसी तरह दस्ता सिहानी गेट थाने पहुंचा। घायल हवलदार को अस्पताल ले जाया गया। दूसरी ओर व्यापारियों का कहना था कि पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है। उनकी सुनवाई नहीं हो रही।


रिश्वत लेकर भी काट दिया चालान
व्यापारी का आरोप
दुकानदार विकास का कहना है कि उनकी दुकान से तीन किलो पाॅलिथीन जब्त की गई। आरोप है कि दस्ते ने 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बाद में दस हजार पर आ गए। यह रकम दे दी गई। इसके बावजूद चालान की रसीद काट दी गई। दुकानदारों ने इसका विरोध किया तो दस्ते की ओर से लाठियां फटकारी गईं। कई दुकानदारों को चोट आई है। इस बीच पत्थर किसने चलाया, इसकी जानकारी नहीं है। आलू-प्याज वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष श्री नाथ यादव का कहना है कि व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। पाॅलिथीन पर प्रतिबंध लगाना है तो इसकी फैक्टरी बंद होनी चाहिए।
बयान
नगर निगम की ओर से दुकानदार तरुण और अतुल को नामजद कराते हुए हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अन्य आरोपी अज्ञात में है। दुकानदार विकास कुमार की ओर से भी तहरीर दी गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर ही कार्रवाई तय की जाएगी। - रवि कुमार, एसीपी, सिहानी गेट
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें