दोनों पक्षों में जमकर हुई पत्थरबाजी
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद के पहासू क्षेत्र के गांव बाघऊ में गांव के बाहर क्रिकेट खेल रहे बच्चों में अंपायर बने खिलाड़ी के फैसले के विरोध में झगड़ा हो गया। आपसी कहासुनी का विवाद बड़ों तक पहुंचा तो दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर- आमने सामने हो गए। विवाद इतना बढ़ गया कि ईट-पत्थर से पूरा मोहल्ला पट गया।
बाघऊ गांव में गुरुवार को बच्चों की दो टीम क्रिकेट मैच खेल रहीं थी। अंपायर बने खिलाड़ी के गलत निर्णय के बाद दोनों टीमें आपस मे भिड़ गई। विवाद में बड़ों की एंट्री होने के बाद बात काफी बढ़ गई और दो पक्षों में लाठी डंडे निकल आये।
एक तरफ से पथराव होने के बाद अफरातफरी मच गई। पत्थर लगने से एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुँची पुलिस ने लोगों को समझाबुझा कर अलग किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में गीता पत्नी कोमल, रोबिन पुत्र शीशपाल, और धर्मेंद्र शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि अभी मामले की तहरीर नहीँ मिली है। एहतियातन गांव में पुलिस पिकेट तैनात कर दी है।