स्टॉक में हेराफेरी पर गाजियाबाद, नोएडा की 11 फर्मों पर 4.57 करोड़ का लगा जुर्माना
गाजियाबाद। स्टॉक में हेराफेरी करने वालों के खिलाफ राज्यकर विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान गाजियाबाद और नोएडा की फर्मों की जांच की गई। गोदामों में पड़े माल और स्टॉक में दर्ज माल में अंतर मिलने पर दोनों जिलों की 11 फर्मों पर 4.57 करोड़ का जुर्माना अधिकारियों ने लगाया है। इनमें नोएडा की सबसे ज्यादा सात फर्मों पर 2.61 करोड़ का कर और अर्थदंड लगाया है। गाजियाबाद जोन की चार फर्मों से 1.96 करोड़ रुपये जमा कराए गए हैं।
राज्यकर विभाग की टीमें इन फर्मों की पिछले काफी समय से रेकी कर रही थीं। फर्मों के लेनदेन की डिटेल लेने के बाद सभी फर्मों के खिलाफ बीते दिनों जांच की गई। जब फर्मों के गोदाम में व्यापार संबंधी अभिलेख की जांच की गई तो घोषित स्टॉक और वास्तविक उपलब्ध स्टॉक में भारी मात्रा में अंतर पाया गया। इसके अलावा इन फर्मों ने प्रदेश केबाहर पंजीकृत 20 बोगस फर्जी फर्मो से 5.17 करोड़ का कारोबार किया गया फिर उस पर 91.84 लाख का फर्जी आईटीसी क्लेम किया गया।
विभागीय जांच में पता के राज्य के बाहर पंजीकृत 20 फर्जी फर्मों ने सर्कुलर चेन बनाते हुए 555.44 करोड़ का कारोबार दिखाते हुए 73.46 करोड़ की बोगस आईटीसी का आदान-प्रदान फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से किया। ऐसे में सभी फर्मो पर विधिक कार्रवाई के साथ आईटीसी की धनराशि की वसूली के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। राज्यकर गाजियाबाद, नोएडा जोन की अपर आयुक्त अदिति सिंह ने बताया कि आईटीसी क्लेम करने के बाद इन फर्मों की जांच शुरू कराई गई। मौके से ली गईं बिल बुक, बैंक पासबुक, कंप्यूटर की हार्डडिस्क की जांच कराई जा रही है। जल्द ही संबंधित थानों में इनके खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा।
49 स्टील और 12 गारमेंट फर्मों में पकड़ा था फर्जीवाड़ा:
राज्यकर विभाग की ओर से बीते अप्रैल और जून माह में भी गाजियाबाद व नोएडा में फर्जीवाड़ा पकड़ा गया था। गाजियाबाद व नोएडा जोन के प्रवर्तन अधिकारियों की संयुक्त टीम ने आयरन स्टील की 49 और रेडीमेड गारमेंट की 12 फर्मों की जांच में बड़े पैमाने पर धांधली उजागर की थी। टीम की भौतिक जांच में 202 करोड़ की फर्जी आईटीसी के मद में कर चोरी का मामला पकड़ा गया था। इन मामलों में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पंजीयन लेने वाले व बोगस आईटीसी पास करने वाले फर्मों के व्यक्तियों को चिह्नित कर मुकदमा दर्ज कराया गया था।