गाजियाबाद के जिला एमएमजी अस्पताल में कर्मचारियों के साथ सोमवार रात में कुछ लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इसके विरोध में मंगलवार सुबह ओपीडी बंद कर सभी कर्मचारी और डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं।
विज्ञापन
बताया गया कि कल देर रात मोहन नगर में सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक को कुछ लोग भर्ती कराने के लिए लाए थे। युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया था। 108 एंबुलेंस आती उसके पहले ही घायल ने दम तोड़ दिया।
इससे साथ में आए युवक आक्रोशित हो गए। युवकों ने अन्य लोगों को अस्पताल में बुलाकर रात में मौजूद स्टाफ के साथ मारपीट की और जमकर तोड़फोड़ मचाया। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग भार्गव का कहना है कि पुलिस को सूचना दी गई है। उन्होंने बताया इसके पहले भी कई बार स्टाफ के साथ हाथापाई हो चुकी है। एसएसपी को पत्र लिखकर रात में पुलिस बल तैनात करने की मांग की गई है।