गाजियाबाद। मोबाइल टावर को बिजली का कनेक्शन देने के लिए दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने बिजली विभाग के एसएसओ और संविदाकर्मी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को शुक्रवार को अर्थला स्थित पीर के सामने से गिरफ्तार कर साहिबाबाद थाने को सौंपकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एंटी करप्शन निरीक्षक योगेंद्र धामा ने बताया कि विजयनगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर में रहने वाले शहनवाज ने कार्यालय पर शिकायत दर्ज कराई थी। बताया कि प्रताप विहार के बिजलीघर में तैनात एसएसओ जयवीर सिंह निवासी शास्त्रीनगर मोबाइल टॉवर के लिए बिजली कनेक्शन देने की एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत पर मेरठ और गाजियाबाद भ्रष्टाचार निवारण टीम ने शुक्रवार को आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया।
शहनवाज के साथ एक पुलिसकर्मी को भेजा गया। जब दोनों प्रताप विहार स्थित बिजलीघर पर पहुंचे तो एसएसओ जयवीर सिंह को फोन किया। जयवीर सिंह ने बताया कि वह अर्थला स्थित पीर के सामने हैं। एसएसओ ने शहनवाज को वहीं बुलाया। शहनवाज को अर्थला भेजा गया। जयवीर सिंह बाइक से पीर के सामने पहुंचा और 10 हजार रुपये अपने साथी रविंद्र कुमार निवासी राहुल विहार विजयनगर को देने को कहा। जैसे ही रविंद्र ने 10 हजार रुपये हाथों में लिए उसी दौरान माैजूद टीम ने दोनों को रंगेहाथ पकड़ लिया। पूछताछ में एसएसओ जयवीर सिंह ने बताया कि वह टीजी 2 के पद पर कार्यरत है, जबकि रविंद्र संविदाकर्मी है।