लोनी। बंथला फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने शुक्रवार सुबह स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार किशोरी की मौत हो गई। किशोरी अपने पिता के साथ स्कूटी पर बैठकर घर जा रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है।
चिरोड़ी गांव के साई गार्डन इलाके में उमेश कुमार परिवार के साथ रहते हैं। उमेश कुमार मजदूरी करते हैं। पुलिस को सूचना मिली कि बंथला फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर जानकारी करने से पता चला कि उमेश कुमार अपने बेटी आशु (16) को डॉक्टर के पास अल्ट्रासाउंड कराने के लिए लेकर गए थे। वह वापस आ रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से किशोरी सड़क पर गिर गई। इस दौरान ट्रक का टायर किशोरी के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एसीपी लोनी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि चालक को पकड़ लिया गया है। ट्रक भी कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।