ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर व्हिंग गांव के के पास शुक्रवार रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हिंडन नदी के पास नीचे गिर गई। हादसे में महिला समेत तीन लोग घायल हो गये। पुलिस के मुताबिक, नोएडा सेक्टर 26 निवासी विपिन भाटी, डॉ.अभिलाषा व प्रत्यक्ष राज शर्मा के साथ कार से शिमला घूमने के लिए गए थे। शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे नोएडा लौट रहे थे।
बताया कि जब वह ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर व्हिंग गांव के पास पहुंचे तो अचानक चालक को झपकी लग गई, कार अनियंत्रित होकर हिंडन नदी पुल के पास से नीचे गिर गई। गनीमत रही है कार नदी किनारे पर गिरी। कार नदी पर गिरती तो शायद बड़ा हादसा हो सकता था।
राहगीर ने कार पुल से नीचे गिरने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कार से किसी तरह तीनों को बाहर निकालकर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर सभी को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। एसीपी लिपि नगायच ने बताया कि हादसे में कोई तहरीर नहीं मिली है। सूचना के 10 मिनट के अंदर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।
डॉक्टर की सूचना पर समय से पहुंची पुलिस
थानाक्षेत्र निवाड़ी के सुहाना गांव निवासी डॉ. शाहबाज चौधरी ने कार को पेरिफेरल से नीचे गिरते देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल गया।