फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोहरे ने रोकी वाहनों-ट्रेनों की रफ्तार, हाईवे पर लगा जाम

Thu, 01 Dec 2016 12:23 AM IST
अमर उजाला, गाजियाबाद
विज्ञापन
छाया रहा कोहरा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
गाजियाबाद। सीजन के पहले घने कोहरे ने बुधवार को वाहनों और ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। एनएच-24 और 58 पर वाहन दौड़ने की बजाय रेंगते नजर आए, तो ट्रेनों की चाल भी बिगड़ गई। कोहरे के चलते विजयनगर और लाल कुआं के पास हाईवे पर सुबह के समय जाम रहा। एनएच-58 पर भी जगह-जगह जाम रहा।
विज्ञापन


कोहरे के कारण ही आनंद विहार से सीतामढ़ी जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस बुधवार को 11:30 घंटे देरी से रवाना हुई। वहीं सीतामढ़ी से बुधवार को गाजियाबाद होकर आनंद विहार जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस अब 21 घंटे बाद बृहस्पतिवार को पहुंचेगी।

इनके अलावा 30 से ज्यादा ट्रेनें एक से 34 घंटे लेट रहीं। ऐसे में यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग की मानें तो बीते साल की अपेक्षा इस सीजन में कोहरे ने करीब एक सप्ताह पहले गाजियाबाद-एनसीआर में दस्तक दी है। बुधवार को आर्द्रता ज्यादा और हवा कम होने की वजह से कोहरा बना। कई दिनों से तेज हवा चल रही थी, जिसकी वजह से कोहरा टिक नहीं पा रहा था।
विज्ञापन


कोहरे की वजह से बिगड़ी ट्रेनों की रफ्तार
कोहरे का सबसे बुरा असर ट्रेनों के शेड्यूल पर पड़ा है। सबसे ज्यादा यात्री भी ट्रेनों से ही सफर करते हैं, ऐसे में सीधे तौर पर लोगों को भी कोहरे की वजह से परेशानियां झेलनी पड़ीं। कोहरे और डायवर्जन के कारण आनंद विहार-सीतामढ़ी लिच्छवी एक्सप्रेस बुधवार को निर्धारित समय दोपहर 3:10 बजे की बजाय 11:30 घंटे की देरी से रवाना हुई।

सीतामढ़ी से आनंद विहार आने वाली दो ट्रेनें भी लेट हैं। मंगलवार को आनंद विहार आने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस 34 घंटे और बुधवार को आने वाली ट्रेन 21 घंटे लेट हैं। अब यह ट्रेनें बृहस्पतिवार को गाजियाबाद पहुंचेंगी।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक कोहरे की वजह से सुबह गाजियाबाद होकर दिल्ली की ओर जाने वाली ऊधमपुर स्पेशल 6:30 घंटे, फरक्का एक्सप्रेस 9 घंटे, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 8 घंटे, ऊंचाहार एक्सप्रेस सात घंटे, आम्रपाल एक्सप्रेस 8 घंटे लेट गाजियाबाद पहुंचीं।

इनके अलावा महानंदा एक्सप्रेस 12:30 घंटे, जोगबनी एक्सप्रेस 14:30 घंटे, नार्थ-ईस्ट एक्सप्रेस 12 घंटे, अवध-असम एक्सप्रेस 8 घंटे, न्यू फरक्का एक्सप्रेस 4 घंटे, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस 8 घंटे, सरयू यमुना एक्सप्रेस 8 घंटे, न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस 12 घंटे लेट रहीं।

सत्याग्रह एक्सप्रेस 5 घंटे, ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस 9:30 घंटे, प्रयागराज एक्सप्रेस 5 घंटे, रीवा एक्सप्रेस 8 घंटे, वैशाली एक्सप्रेस 9 घंटे, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 3 घंटे की देरी से गाजियाबाद स्टेशन पहुंचीं।

कोहरे का असर सिर्फ लंबी दूरी की ट्रेनें ही नहीं लोकल ट्रेनों पर भी पड़ा। बुधवार को पलवल-अलीगढ़ ईएमयू 2:30 घंटे, दनकौर ईएमयू 30 मिनट, गाजियाबाद-पलवल ईएमयू 2 घंटे, गाजियाबाद-दिल्ली-नई दिल्ली ईएमयू 1:15 घंटे देरी से चलीं। इनके अलावा तीन अन्य ईएमयू भी एक से डेढ़ घंटा लेट रहीं।

सुबह दोनों हाईवे पर रहा जाम
कोहरे की वजह से बुधवार सुबह एनएच-24 और 58 पर जाम लग गया। सुबह करीब सात बजे कोहरे की वजह से दृश्यता घटकर करीब 12 से 15 मीटर रह गई थी। ऐसे में वाहनों का दबाव ज्यादा और रफ्तार कम होना जाम की वजह रही।

आम दिनों में हाईवे पर फर्राटा भरने वाले वाहन बुधवार को रेंगते हुए नजर आए। वाहनों की स्पीड 20-23 किलोमीटर प्रति घंटा रही। हालांकि नौ बजे तक कोहरा छंटने लगा था, लेकिन इससे पहले दोनों हाईवे, जीटी रोड पर जगह-जगह जाम लगा रहा। इसकी वजह से नौकरी पेशा लोग भी समय से ड्यूटी पर नहीं पहुंच पाए।

हवा की गति कम हुई तो फिर बनेगा कोहरा: मौसम विभाग
मौसम विभाग के डायरेक्टर डॉ. रंजीत सिंह ने बताया कि तापमान कम, आर्द्रता ज्यादा और हवा की गति धीमी होना कोहरा बनने के यह तीन फैक्टर हैं। उन्होंने बताया कि जम्मू के आसपास पश्चिमी विक्षोभ के चलते आर्द्रता कई दिन से बढ़ी हुर्ह है, तापमान भी कम था, लेकिन हवा की गति तेज होने की वजह से कोहरा नहीं बन रहा था।

अब दो फैक्टर को वायु मंडल में पहले से हैं, हवा की गति कम होने पर कोहरा फिर बनेगा। उन्होंने बताया कि जनवरी के अंत तक अब कुछ दिनों के अंतराल पर कोहरा बनता रहेगा।

कोहरे में रखें सावधानी
गाजियाबाद। मौसम के बदले मिजाज की वजह से अब शुगर, दिल और सांस के मरीजों को सावधानी बरतने की जरूरत है। कोहरे और ठंड बढ़ने के साथ ही वायरल, जोड़ों का दर्द, उच्च रक्त चाप, सर्दी-खांसी और निमोनिया के मरीजों की संख्या अस्पतालों में बढ़ने लगती है।

एमएमजी अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि इस मौसम में  एकाएक ठंड लगने से खुद को बचाना चाहिए। खासतौर से ब्लड प्रेशर के मरीजों को अलसुबह नहीं उठना चाहिए। मार्निंग वॉक पर जाने वालों को भी सावधानी रखनी चाहिए। सर्दी में गर्म कपड़े पहनकर कर ही वॉक करें।

ठंड में रखें इन बातों का ख्याल
- दिन में भी गर्म कपड़े पहने
- पानी उबाल कर पीएं
- सामान्य तापमान में रहें, एसी से बचें
- बाइक-स्कूटर पर सवार हों तो गर्म कपड़े जरूर पहनें
- तापमान के उतार-चढ़ाव से बचें
- एकाएक ठंड की चपेट में न आएं

इन बीमारियों का होता है खतरा
वायरल, जोड़ों का दर्द, उच्च रक्त चाप, सर्दी-खांसी और निमोनिया, हार्ट की समस्याएं, डिप्रेशन आदि की समस्याएं होती हैं। इसके अलावा त्वचा रोग जैसे सूखापन, खुजली, अंगुलियों में सूजन आदि की समस्या आती है।

कोहरे के चलते गड़बड़ाई बिजली व्यवस्था
गाजियाबाद। कोहरे की दस्तक होते ही बिजली व्यवस्था गड़बड़ा गई है। बुधवार तड़के महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को तीन से चार घंटे कटौती झेलनी पड़ी। कोहरे के चलते मुरादनगर बिजलीघर की लाइट ट्रिप होने से शहर भर में बिजली कटौती रही।

बुधवार सुबह पांच बजे बिजली चले गुल हो जाने ठंड में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। महानगर के शास्त्रीनगर, कविनगर, चिरंजीव विहार, अवंतिका, राजनगर, गोविंदपुरम, नेहरूनगर, नंदग्राम, पटेल नगर, मेरठ रोड, कमला नेहरूनगर, संजयनगर सहित लाइनपार के विभिन्न क्षेत्रों में सुबह तीन से चार घंटे बिजली कटौती हुई।

सुबह पांच बजे से करीब सवा नौ बजे तक  बिजली नहीं आने से पानी की समस्या झेलनी पड़ी। छोटे बच्चों और ऑफिस जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पावर कारपोरेशन के एसई एसबी यादव ने बताया कि मुरादनगर बिजलीघर से लाइन ट्रिप होने जाने से बुधवार सुबह बिजली गुल रही। कुछ घंटों बाद ही सप्लाई सुचारु कर दी गई थी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें