लोनी। कोतवाली क्षेत्र के टोली मोहल्ला कॉलोनी स्थित घर के अंदर बुजुर्ग अजीजुद्दीन का शव मिलने के मामले में पुलिस को बेटे और एक महिला के खिलाफ हत्या के साक्ष्य मिले हैं। बुजुर्ग की हत्या के पीछे बेटे को संपत्ति से बेदखल करने का कारण भी सामने आया है। बुजुर्ग की गला दबाकर हत्या की गई थी और अपने ही घर में शव मिला था। हत्या को लेकर पुलिस को सीसीटीवी कैमरे से कई साक्ष्य मिले हैं और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि टोली मोहल्ला निवासी अजीजुद्दीन (65) का शव घर के पास के बेसमेंट में बने कमरे से आठ अप्रैल को सड़ी-गली हालत में मिला था। कमरा बाहर से बंद था। पोस्टमार्टम में बुजुर्ग की गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी। उनकी पत्नी ने बेटे बिलाल समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि बुजुर्ग ने बिलाल को संपत्ति से भी बेदखल कर दिया था। इसीलिए उसने हत्या की साजिश रची थी। बिलाल के साथ एक महिला भी शामिल होने के सुबूत मिले हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द ही गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।