लोनी। दूध कारोबारी ओमन को गोली मारने के बाद गंगनहर में फेंककर भाग निकले। आरोपी मोहित ने जंगल और ट्यूबवेल पर फरारी काटी, लेकिन भूख लगी तो जेब में रुपये न होने की वजह से बिस्किट और चिप्स खाकर ही भूख मिटाईं। मुख्य आरोपी सौरभ ने वारदात में शामिल होने पर सभी साथियों को 10-10 लाख रुपये देने का लालच दिया था। कारोबारी को गंगनहर में फेंकने के बाद आरोपी गोपाल ने मोहित को बुलंदशहर के जौली के जंगल में छोड़ दिया। मोहित के पास रुपये भी नहीं थे। पुलिस न पकड़ ले इसलिए सभी ने फोन बंद कर लिए थे। मोहित ने पुलिस को बताया कि उसने तीन रात जंगल में बिताई थीं और वहां एक दुकान से चिप्स व बिस्किट से भूख मिटाई थी। तीन दिन बाद वह किसी तरह गौतमबुद्धनगर के चीती गांव पहुंचा था। वहां गोपाल के परिजन ने उसे चीती में ट्यूबेल पर छिपा दिया। यहां से वह लोनी पहुंचा तो उसे पकड़ लिया गया।
मनोज धामा और मुखिया गुर्जर पर प्राथमिकी
सोशल मीडिया के माध्यम से ओंकार के गायब होने के मामले में क्षेत्र का माहौल खराब करने का हवाला देते हुए लोनी पुलिस ने नगर पालिका के पूर्व चेरयमैन मनोज धामा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं, धरने पर बैठे दूध कारोबारी के परिजन को समर्थन देने आए मुखिया गुर्जर के खिलाफ भी माहौल खराब करने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। मनोज धामा ने कहा कि साजिश का दौर शुरू हो गया है। फिर से फर्जी मुकदमे लिखवाने सक्रिय हो गए हैं। अब आम जन की आवाज भी उठाने पर उनके अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उन पर जो प्राथमिकी दर्ज हुई है, उसके खिलाफ कोर्ट तक जाएंगे।
आरोपियों को मिलेगी सख्त सजा-मदन भैया
खतौली विधायक मदन भैया ने शुक्रवार को बंथला चिरौड़ी मार्ग पर धरने पर बैठे ओंकार के परिजन और ग्रामीणों से मिलें। विधायक ने कहा कि दुख की घड़ी में लोगों को राजनीति से बचाना चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उन्होंने घटना की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने परिजन को आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही सख्त सजा मिलेगी।
-