स्मार्ट सिटी की ‘परीक्षा’ में नगर निगम को इस बार सिर्फ चार अंकों के लिए जद्दोजहद करनी होगी। सफल स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल होने के लिए गाजियाबाद को कम से कम 55 अंक चाहिए।
जबकि बीते साल दूसरे राउंड में गाजियाबाद को 50.86 फीसदी अंक मिले थे। इस बार 55 अंक मिले तो गाजियाबाद के लोगों का स्मार्ट सिटी में शामिल होने का सपना पूरा हो जाएगा।
स्मार्ट सिटी के पहले चरण में 98 शहरों के बीच हुई प्रतिस्पर्धा में 20 शहरों को चयनित किया गया, लेकिन इसमें गाजियाबाद का नाम शामिल नहीं हो पाया।
दूसरे चरण में 63 शहरों की प्रतिस्पर्धा में गाजियाबाद 53 वें स्थान पर रहा था। स्मार्ट सिटी की प्रतियोगिता में गाजियाबाद शहर 100 में से महज 50.86 अंक हासिल कर पाया है। जबकि झांसी, अलीगढ़ जैसे शहर रैंकिंग में गाजियाबाद से आगे रहे थे।
दूसरे चरण में 55 फीसदी अंक हासिल करने वाले शहरों को लिस्ट में शामिल कर लिया गया था। यानी गाजियाबाद महज चार अंक से पीछे रह गया था। अब नगर निगम के अधिकारी स्मार्ट सिटी प्रपोजल को और बेहतर बनाकर 55 फीसदी अंक पाने की इस लक्ष्मण रेखा को पार करने का प्रयास कर रहे हैं।
नगर आयुक्त अब्दुल समद का कहना है कि केंद्र सरकार के मानकों पर बेहतर प्रपोजल बनाया गया है। इस प्रपोजल के आधार पर गाजियाबाद का नाम इस बार स्मार्ट शहरों की सूची में शामिल जरूर होगा।
दूसरे चरण में यूपी के शहरों की रैंकिंग
झांसी 28वीं
अलीगढ़ 33वीं
इलाहाबाद 34वीं
गाजियाबाद 53वीं
बरेली 56वीं
रामपुर 58वीं
मुरादाबाद 60वीं
सहारनपुर 61वीं
मेरठ 62वीं