गाजियाबाद। मोरटी गांव में प्रॉपर्टी डीलर रोहित चौधरी के घर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने छह बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 15.27 लाख की रकम, एक पिस्टल, आठ लाख के गहने, एक लाख की कीमत की एलईडी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, उमेश, सन्नी, ललित, पप्पू निवासी नंदग्राम और मोहित व कबीर निवासी कड़कड़, साहिबाबाद ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। मोहित व कबीर दोनों सगे भाई हैं। सभी के खिलाफ चोरी, एनडीपीएस समेत अन्य मामलों में अलग अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। 22 लाख की रकम में से सात लाख रुपये उमेश ने खर्च कर दिए।
18 नवंबर को मोरटी में रोहित चौधरी अपने परिवार के साथ बुलंदशहर रिश्तेदारी में गए थे। जहां रोहित का घर पर वहां पर ज्यादा आबादी नहीं है। आसपास कई प्लॉट खाली पड़े हैं। इसी मौके का फायदा उठाकर चोरों ने मकान का ताला तोड़ दिया और वहां से नकदी, गहने, एलईडी चोरी कर ली। उन्होंने मामले में नंदग्राम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
डीसीपी नगर निपुण अग्रवाल ने बताया कि पूछताछ में सन्नी ने बताया कि कुल 22 लाख रुपये की चोरी हुई थी। यह बात उसको तीसरे दिन पता चली। लेकिन उमेश ने सारी रकम अपने पास रख ली और उनको नहीं बताया। उनको केवल गहने बंटवारे में मिले थे। चोरी के वक्त रुपयों से भरा बैग उसने मकान के पीछे झाड़ियों में छिपा दिया। बाद में आकर उसको उठाकर ले गया और मेरठ दौराला में अपने गांव चला गया। डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने मेरठ के दौराला से उमेश उर्फ छोटू को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की तो उसने चोरी की घटना को कबूल किया।
चलाई थी छह गोलियां
एसीपी रवि कुमार ने बताया कि पिस्टल के साथ छह गोलियां भी आरोपियों ने चोरी कर ली थी। इसमें चार खाली कारतूस मिले हैं। पिस्टल से उन्होंने चार गोलियां चलाई थीं।