गाजियाबाद। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बृहस्पतिवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा में भाग लिया। रजापुर ब्लॉक स्थित बहादुरपुर और शमशेर गांव में पहुंचे और जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, गैस कनेक्शन और चूल्हा सहित ऋण के चेक और प्रमाणपत्र वितरित किए। इस दौरान बड़े स्क्रीन पर प्रधानमंत्री के भाषण का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इससे पहले भी कई गणमान्य प्रधानमंत्री के पद पर आसीन हुए हैं और समय-समय पर विकास की योजनाएं भी बनाई लेकिन वह सभी योजनाएं कागजों तक ही सिमट कर रह गईं थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में जनहित और देशहित में अनेक योजनाएं संचालित हुई हैं और जमीनी स्तर पर इसका लाभ लोगों को मिला है। मोदी जी का लक्ष्य है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है।
इसी के तहत 15 नवंबर से अगले वर्ष 26 जनवरी तक विकसित भारत संकल्प यात्रा आयोजित किया जा रहा है जिसके तहत लाखों गांव इस रथ यात्रा के माध्यम से जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने सभी को बेहतर नागरिक बनने और देश की एकता अखंडता का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम स्थल पर राजस्व विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, सहकारिता विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, अग्रणी जिला प्रबंधक, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, आपूर्ति एवं विपणन विभाग, नेहरू युवा केंद्र , पुलिस प्रशासन सहित सभी विभागों ने स्टाल लगाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया और जनमानस की समस्याएं सुनी। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा , जिलाध्यक्ष, महामंत्री, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, सीडीओ अभिनव गोपाल, एडीएम ई रणविजय सिंह मौजूद रहे।
गांव-गांव में कृषि के लिए ड्रोन का हो रहा इस्तेमाल
कृषि मंत्री ने कहा कि आज हर क्षेत्र में तकनीक और प्रौद्योगिकी को बढ़ावा दिया जा रहा है। कृषि को आसान बनाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल गांव-गांव में किया जा रहा है। इसके जरिये फसलों पर दवाओं का छिड़काव आसान हो गया है। साथ ही नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग के लिए भी बढ़ावा दिया जा रहा है। जिससे की किसानों को कम मेहनत करनी पड़े और आमदनी में बढ़ोतरी हो सके।