गाजियाबाद। भोजपुर में सहारा अल्ट्रासाउंड केंद्र पर बिना पंजीकृत मशीन को अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. चरन सिंह एवं उपजिलाधिकारी डॉ. पूजा ने संयुक्त रूप से सील कर दी। मौके पर टेक्नीशियन महिला की अल्ट्रासाउंड जांच कर रहा था। औचक निरीक्षण के दौरान वह मौके से फरार हो गया। पीसीपीएनडीटी के विधिक सलाहकार उमेश गुप्ता ने बताया कि अभी टेक्नीशियन के बारे में यह जानकारी नहीं मिल सकी है कि उसकी शैक्षिक योग्यता क्या है।
पीसीपीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. चरन सिंह ने बताया कि भोजपुर में सहारा अल्ट्रासाउंड सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया था। जांच में पता चला कि रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक शर्मा के नाम से अस्पताल संचालक प्रदीप कुमार ने दूसरे स्थान के लिए पंजीकरण कराया था। लेकिन सहारा अल्ट्रासाउंड केंद्र का पंजीकरण नहीं था। स्थान परिवर्तन के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी गई थी इसलिए अल्ट्रासाउंड मशीन सील कर दी गई। तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है।