गाजियाबाद की जीएसटी विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) की टीम ने शनिवार की दोपहर को गांव उपैड़ा स्थित भाजपा उत्तरी के मंडल अध्यक्ष पवन गर्ग के पुत्र शैंकी गर्ग की प्लाईवुड फैक्टरी पर छापामार कार्रवाई की। कई बंद पड़ी फर्मों से खरीद और भुगतान के मामले में लखनऊ मुख्यालय से आदेश के बाद तीन गाड़ियों में 10 से अधिक सदस्यों की टीम फैक्टरी पर पहुंची।
एसआईबी टीम के संयुक्त कमिश्नर अजय प्रताप सिंह ने बताया कि नगर के इंद्रलोक कालोनी निवासी शैंकी गर्ग की बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव उपैड़ा में हापुड़ प्लाईवुड प्राइवेट लिमिटेड के नाम से फर्म है। इस फर्म के जरिए प्लाईवुड और विनियर (लकड़ी का सामान) की खरीद और फरोख्त होती है।
उन्होंने बताया कि लखनऊ मुख्यालय से एक सूची मिली थी, जिसमें फर्म का नाम भी शामिल था। बंद पड़ी फर्मों से खरीद-फरोख्त के अलावा भुगतान हुआ है। कुछ फर्मों के रजिस्ट्रेशन भी निरस्त हैं, इसके बाद भी लेन-देन हुआ है। इसलिए फर्म के दस्तावेज टीम लेकर जांच कर रही है। इसे एक रूटीन जांच कहा जा सकता है। हालांकि, फैक्टरी संचालक ने टीम को बताया कि वह पूरा टैक्स आदि सभी जमा कर चुके हैं।
छापे की सूचना से मची अफरा-तफरी
भाजपा नेता के पुत्र से जुड़ा मामला होने के कारण जिले में अफरा-तफरी मच गई। एक-एक कर भाजपाई मौके पर पहुंचने लगे। जिस कारण मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। मामले में भाजपा उत्तरी के मंडल अध्यक्ष पवन गर्ग का कहना है कि एक रूटीन जांच के लिए टीम आई थी। जांच में कोई चाेरी आदि नहीं मिली है। टीम जांच करके वापस लौट गई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे
छापे की सूचना के बाद भाजपा के जिलाध्यक्ष नरेश तोमर भी मौके पर पहुंचे। एकतरफ जीएसटी के अधिकारियों ने मीडियाकर्मियों को फैक्टरी में एंट्री नहीं होने दी। वहीं, दूसरी तरफ जिलाध्यक्ष नरेश तोमर आदि को फैक्टरी में जाने दिया गया। शाम के समय सभी कार्यकर्ता फैक्टरी के बाहर आए और चुपचाप चले गए। हालांकि, जिलाध्यक्ष नरेश तोमर का कहना है कि यह एक रूटीन जांच थी। रूटीन जांच के लिए अधिकारी आए थे। सूचना पर मैं भी गया था। किसी ने कोई जांच प्रभावित नहीं की है।