साहिबाबाद। लिंकरोड के महाराजपुर गांव निवासी जलालुद्दीन की कार में टक्कर मारने और फायरिंग के मामले में पुलिस ने रियाज, अजीम उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर पिस्टल बरामद कर ली है। जबकि माजिद अभी भागा हुआ है। तीनों आरोपी गांव के ही रहने वाले हैं। देर रात मिली तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। घटना रंजिशन की गई और मामला 18 अप्रैल की रात का है।
पुलिस को दी शिकायत में जलालुद्दीन ने बताया कि शनिवार रात वह कार से शादी-समारोह से घर लौट रहे थे। गांव के रास्ते में एक दूसरी गाड़ी ने उनकी कार को टक्कर मार दी। विरोध करने बाहर निकले तो गांव के कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए हाथापाई कर दी। हालांकि मामला शांत हो गया और वह घर चले गए। रात 12ः15 बजे घर का मुख्य गेट खोल रहे थे तो उसी दौरान रियाज, राहुल और माजिद स्कूटी पर पहुंचे। आरोपियों ने उनकी जान लेने के लिए फायरिंग कर दी। हालांकि गोली कार में लगी और उन्होंने भागकर किसी तरह जान बचाई। गोली की आवाज से मोहल्ले और परिवार के लोग मौके पर आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
मुरादनगर से ली थी पिस्टल
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो जलालुद्दीन और आरोपी रियाज के बीच रंजिश की बात सामने आई। 18 अप्रैल की रात रियाज अपने दोस्तों के साथ कार से घूम रहा था तो उसे जलालुद्दीन दिखाई दिया। उसने जलालुद्दीन कार में टक्कर मानी और दोस्तो के साथ हाथापाई की। हालांकि उसके पास पिस्टल नहीं थी। घटना के बाद वह भागकर घर गया और पिस्टल लेकर आया। इसके बाद फायरिंग की थी। रियाज ने जिस पिस्टल से फायर किया उसे मुरादनगर निवासी युवक से ली थी हालांकि उसकी सड़क हादसे में मौत हो चुकी है।
एसीपी श्वेता यादव ने बताया कि आरोपी रियाज और अजीम को गिरफ्तार कर पिस्टल बरामद कर ली है। भागे हुए तीसरे आरोपी माजिद को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।