गाजियाबाद। डूडाहेड़ा और लोनी स्थित 50-50 बिस्तरों वाले संयुक्त चिकित्सालयों में शनिवार को स्वास्थ्य सेवाओं के निरीक्षण में कई कमियां मिलीं, जिन्हें सुधार करने का निर्देश दिया गया। राज्य स्तरीय निरीक्षण टीम ने दोनों अस्पतालों में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद आपातकालीन उपचार, मातृ स्वास्थ्य सेवाओं और प्रयोगशाला में स्वच्छता और सेवाओं में सुधार करने का निर्देश दिया।
राज्य समीक्षा अभियान के तहत राज्य स्तरीय प्रतिनिधि डॉ. देवेश कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक और विनोद कुमार, मंडलीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन अधिकारी ने दोनों चिकित्सालयों का निरीक्षण किया। टीम ने प्रसव कक्ष, टीकाकरण केंद्र, बाह्य रोगी विभाग और आपातकालीन सेवाओं की स्थिति परखी। इसके अलावा जननी शिशु सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता का भी आकलन किया। निरीक्षण के दौरान मरीजों को मिलने वाले उपचार की गुणवत्ता और अस्पताल कर्मचारियों के व्यवहार की भी जांच की गई। टीम ने सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा व्यवस्था, शिकायत निस्तारण प्रणाली, सुझाव पुस्तिका और अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता का जायजा लिया। अस्पतालों में इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने की जरूरत पर भी ध्यान दिया गया।
टीम ने भर्ती मरीजों से भी बातचीत कर अस्पताल में मिल रहे उपचार और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों से मिले फीडबैक के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति के बारे में जानकारी ली।