कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने सोमवार को अफसरों को कार्यकर्ताओं की सम्मान करने की सीख दी। वह पुलिस लाइन में हेलीकाप्टर से उतरने के बाद अधिकारियों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी का चेहरा हैं, उनका सम्मान हर हाल में होना चाहिए। कार्यकर्ता और अधिकारी मिलकर सरकार की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने का कार्य करें। शिवपाल यादव का यह बयान ऐसे समय आया है जब पुलिस ने सपा के एमएलसी के भतीजे को दबंगई करने पर घुटनों के बल बैठाकर काफी बेइज्जत किया है।
शिवपाल यादव करीब पांच बजे हेलीकाप्टर से उतरकर कार से दिल्ली रवाना हो गए। वह करीब 15 मिनट पुलिस लाइन में रुके। इस दौरान पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ ही पार्टी संगठन पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
सपा के जिला उपाध्यक्ष रविंद्र चौहान ने बताया कि पार्टी के जिला व महानगर संगठन पदाधिकारियों की बैठक अगले सप्ताह अधिकारियों केसाथ होगी। इसमें अधिकारियों से सामंजस्य बनाकर शासन की जनहित की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की जाएगी।