इंदिरापुरम। वसुंधरा सेक्टर-1 में 26 अक्तूबर को सीनियर अकाउंटेंट शशांक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस की जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। ऋषिकेश में पति की हत्या की साजिश रचे जाने के खुलासे के बाद अब आरोपी पत्नी प्रिया शर्मा के परिवार की भूमिका भी शक के दायरे में है। ऐसे में पुलिस प्रिया के परिजनों से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। वहीं, अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे शशांक की सेहत में सुधार हो रहा है। उनका वेंटीलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट हटा दिया गया है। इस बीच चार नवंबर यानी आज उनकी चार वर्षीय बेटी वेदांशी का जन्मदिन है। पिता से दूर झांसी में दादा-दादी और ताई के पास रह रही मासूम को अब भी उम्मीद है कि पापा उसके जन्मदिन पर घर लौट आएंगे।
वेदांशी हर साल की तरह इस बार भी अपने जन्मदिन को लेकर उत्साहित है। उसे उम्मीद है कि पिछले साल की तरह इस बार भी मम्मी-पापा उसे अच्छी ड्रेस और गिफ्ट दिलाएंगे। मासूम ने अपने पिता को फोन कर पूछा कि पापा कब आओगे, मेरा बर्थडे है। बेटी की यह बात परिवार के लोगों को भावुक कर रही है। फिलहाल वेदांशी झांसी में अपने दादा-दादी के पास है, जबकि शशांक इंदिरापुरम के अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत में पहले से सुधार बताया जा रहा है। उधर, इस संबंध में एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि शशांक के परिजनों की शिकायत के आधार पर प्रिया के परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
ऋषिकेश यात्रा में शामिल लोगों की भूमिका की जांच
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात से करीब 10 दिन पहले 17 अक्तूबर को प्रिया अपने प्रेमी जिम संचालक प्रताप सिंह और अन्य संबंधियों के साथ ऋषिकेश गई थी। तीनों कार से वहां पहुंचे थे और तपोवन के एक रिसॉर्ट में रुके थे। इस दौरान दोस्तों के साथ पार्टी भी की गई थी। अगले दिन तीनों लक्ष्मण झूला पहुंचे, जहां उन्होंने रील बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी। पुलिस इस यात्रा के दौरान हुई गतिविधियों और वहां मौजूद लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में प्रिया की परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जा सकती है। पुलिस उन्हें नोटिस भेजकर थाने बुलाने की तैयारी कर रही है।
-
पैदल नहीं, प्रताप को बाइक सवार छोड़ने आया था
मामले में एक नया तथ्य सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान सामने आया है। शशांक के परिजन रितेश के अनुसार, एक फुटेज में आरोपी प्रताप पैदल जाता हुआ नहीं, बल्कि बाइक सवार के साथ दिखाई दिया है। बाइक सवार उसे घटनास्थल के पास छोड़कर गया था। पुलिस अभी तक बाइक सवार की पहचान नहीं कर सकी है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बाइक सवार को वारदात की जानकारी थी या उसने अनजाने में प्रताप को वहां छोड़ा था।