जल्द ही शहर में पंजीकृत रिक्शा चालकों को सरकार की ओर से मुफ्त ई-रिक्शा मिलेगा। नगर निगम और डूडा ने आवेदकों की सूची के सत्यापन का काम शुरू कर दिया है। बुधवार को निगम के पंचम तल पर अधिकारियों की कमेटी ने न सिर्फ आवेदन पत्रों की जांच की, बल्कि आवेदकों के इंटरव्यू भी लिए।
सत्यापन के इस कार्य के लिए नगर आयुक्त ने उप नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त के नेतृत्व में एक कमेटी बनाई है। कमेटी में मोहननगर के जोनल अधिकारी सुनील राय, विजयनगर के जोनल अधिकारी एसके गौतम, कर अधीक्षक सुधीर शर्मा भी शामिल रहे। कमेटी नगर निगम क्षेत्र में पंजीकृत 250 आवेदकों का सत्यापन किया और पात्र आवेदकों की सूची तैयार की।
यह लिस्ट डूडा के माध्यम से जिला प्रशासन और यहां से मंडलायुक्त के पास भेजी जाएगी। मंडलायुक्त स्तर से भी इसकी क्रास चेकिंग कराई जाएगी और इसके बाद शासन को भेजी जाएगी। शासन स्तर पर पात्रों को मुफ्त ई-रिक्शा बांटे जाएंगे।