इंदिरापुरम। थानाक्षेत्र के प्रह्लादगढ़ी स्थित होटल में युवती से यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार शोरूम का प्रबंधक बनकर मनीष गहलोत नाम के व्यक्ति ने पूर्वोत्तर दिल्ली निवासी युवती को नौकरी का झांसा दिया। बातों में फंसाकर उसे बुलाया और कार में जूस पिलाकर बेहोशी की हालत में होटल ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। मामला 30 नवंबर 2025 का है। पुलिस ने 22 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में पीड़िता ने बताया कि 23 नवंबर 2024 को उनके मोबाइल से गलती से एक नंबर लग गया था लेकिन उस पर बात नहीं हुई। कुछ देर बाद दूसरे नंबर से उनके मोबाइल पर बैक कॉल आई। आरोपी ने खुद को कार शोरूम का प्रबंधक मनीष गहलोत बताया। साथ ही उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया। जब युवती ने ज्यादा शिक्षित न होने की बात कही तब आरोपी ने नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। 30 नवंबर को आरोपी ने उन्हें प्रह्लादगढ़ी बुलाया और कार में बिठाकर होटल की तरफ ले गया। यहां गाड़ी में रखा जूस पिलाया। बताया कि इसके बाद वह बेहोश हो गई। तब आरोपी ने जबरन शारीरिक संबंध स्थापित किए और अश्लील वीडियो-फोटो रिकॉर्ड कर लिए। होश आने पर आरोपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी दे डाली। मानसिक उत्पीड़न के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।