इंदिरापुरम। इंदिरापुरम में सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 56 एमएलडी क्षमता वाले मुख्य पंपिंग स्टेशन (एमपीएस) का पुनर्निर्माण करने पर तीन करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। जलकल विभाग पंपिंग स्टेशन की मरम्मत और पुनर्निर्माण के साथ पाइपलाइनों सहित स्टेशन के अन्य हिस्सों को भी दुरुस्त करा रहा है। इससे सीवर के पानी की पंपिंग व्यवस्था को सुचारु करने में मदद मिलेगी।
मुख्य पंपिंग स्टेशन सीवर प्रबंधन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां गंदे पानी को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तक पहुंचाया जाता है। एसटीपी में पानी का शोधन होने के बाद इसे औद्योगिक क्षेत्रों में इस्तेमाल के लिए भेजा जाता है। ऐसे में एमपीएस की कार्यक्षमता बेहतर बनाए रखना जरूरी है, इससे सीवर के पानी को निर्धारित प्रक्रिया के तहत शोधन के लिए पहुंचाया जा सके।
जलकल विभाग के अवर अभियंता मयंक मिश्रा ने बताया कि पंपिंग स्टेशन का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। परियोजना के तहत इंदिरापुरम में सीवर प्रबंधन से जुड़ी आधारभूत संरचना को मजबूत करना है। एमपीएस की मरम्मत और पुनर्निर्माण से पंपिंग स्टेशन के संचालन को बेहतर बनाने तथा शोधित पानी के औद्योगिक उपयोग के लिए आगे भेजने की प्रक्रिया को सुचारु रखने में सहायता मिलने की उम्मीद है।