साहिबाबाद। बालाजी विहार कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर करीब एक माह से गंदा पानी भरे होने और सुनवाई न होने पर स्थानीय लोगों के सब्र का बांध टूट गया। एकजुट होकर लोगों ने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। आरोप है कि सड़क पर उफन रहे सीवर के पानी की शिकायत वह लोग कई बार कर चुके हैं बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कॉलोनी में बड़ी संख्या में पूर्वांचल समाज के लोग हिंडन पर छठ करने जाते हैं। अब तक भी सड़क की गंदगी साफ नहीं हुई, ऐसे में पर्व के दिन भी श्रद्धालुओं को गंदगी से होकर गुजरना पड़ेगा। लोगों ने कहा कि दिवाली और भाई दूज के त्योहार पर भी लोगों को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। अब छठ महापर्व पर भी इसी रास्ते से हजारों श्रद्धालुओं के गुजरेंगे। स्थानीय निवासी राजेंद्र और संजय का कहना है कि बालाजी विहार कॉलोनी के साथ अर्थला के हजारों श्रद्धालु हर साल इसी मार्ग से छठ पूजा के लिए आते-जाते हैं। बुधवार को भी एक बाइक पानी में फिसलकर गिर गई। लोगों का कहना है कि आए दिन स्कूली बच्चों की ड्रेस गंदे पानी से खराब हो जाती है। प्रदर्शन कर रहे लोगों में शादाब खान, राशिद, किरण पाल, अंकुर, नीटू, दिलीप, सायरा बेगम, नाजरा बेगम, मुकेश और प्रमिला आदि मौजूद रहे।