कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जगह-जगह सेवा शिविर लगने शुरू हो गए है। एसडीएम अतुल कुमार ने शनिवार को शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्य निरीक्षक, पावर कारपोरेशन और अग्निशमन अधिकारियों की रोजाना ड्यूटी निर्धारित की है। तीनों विभागों के अधिकारियों प्रतिदिन सेवा शिविर में जाकर जांच करेंगे।
गंगनहर कांवड़ मार्ग पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़िए दिखने लगे हैं। हालांकि अभी एक दुक्का ही कांवड़िए दिखाई दे रहे हैं। इसका कारण है कि 26 जुलाई की सुबह 11 बजे तक पंचक काल है। पंचक काल में कांवड़िए कांवड़ नहीं उठाते हैं।
ये वे कांवड़िए हैं जिन्होंने 22 जुलाई से पहले कांवड़ उठा ली थी। 26 जुलाई से हाईवे पर कांवड़ियों की संख्या में इजाफा होगा। शनिवार को एसडीएम अतुल कुमार ने शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस बार खाद्य निरीक्षक की रोजाना ड्यूटी निर्धारित की गई है।
वह रोजाना प्रत्येक शिविर में जाकर कांवड़ियों के लिए बने भोजन को चेक करेंगे। इसके अलावा पावर कारपोरेशन और अग्निशमन के अधिकारी भी रोजाना शिविरों में जाकर निरीक्षण करेंगे। एसडीएम ने नगर पालिका अधिकारियों को भी सफाई व्यवस्था में कोई कोताही न बरतने के निर्देश दिए हैं।
बम भोल के जयकारों से गूंजा पाइप लाइन मार्ग
हरिद्वार और गोमुख से पवित्र गंगाजल लेकर कांवड़ियों की पाइप लाइन मार्ग पर संख्या बढ़ रही है। हरिद्वार से चलकर राजस्थान के जिला अलवर को जाने वाले कांवड़िए शनिवार सुबह पाइप लाइन मार्ग पहुंचे।
पुलिस प्रशासन ने कांवडिय़ों की भीड़ को देखते हुए पाइप लाइन मार्ग पर भारी वाहनों के आगमन पर प्रतिबंध लगा दिया है। उधर, रावली रोड चुंगी नंबर तीन पर कांवड़ सेवा शिविर लगाया गया है।
शिविर में कांवड़ियों के भोजन और रात्रि विश्राम के साथ दवाई की व्यवस्था भी है। एसओ सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि पाइप लाइन मार्ग पर कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए ट्रक, ट्रैक्टर डंपर आदि वाहनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।