थाना दिवस के लिए पहुंची डीएम कविनगर थाने में खड़े वाहनों को देखकर नाराज हो गईं, उन्होंने वाहनों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। डीएम निधि केसरवानी तहसीलदार मनोज कुमार के साथ शनिवार सुबह करीब 11 बजे सिहानी गेट थाने पहुंचीं।
उन्होंने नंदग्राम से आईं बुजुर्ग महिला की समस्या सुनी। महिला ने कहा कि उन्हें उनका बेटा और बहू तंग करते हैं। डीएम ने महिला से कहा कि रिपोर्ट लिखवाओ, पुलिस कार्रवाई करेगी। लेकिन महिला ने एफआईआर लिखाने से मना कर दिया।
उनका कहना था कि वह तो इतना चाहती हैं कि बेटा उन्हें परेशान न करे। इसके बाद डीएम ने थाने के रजिस्टर चेक करते हुए एसएसआई से कहा कि इन्हें दुरुस्त करें। डीएम करीब 12 बजे कविनगर थाने पहुंचीं। थाने में खड़े वाहनों को देखकर पुलिसकर्मियों पर भड़क गईं।
उन्होंने कहा कि सिटी मजिस्ट्रेट से मिलकर थाना प्रभारी वाहनों की नीलामी जल्द कराएं। यहां उन्होंने शास्त्रीनगर से आए दुकानदारों की समस्याएं सुनीं। दुकानदारों ने बताया कि शास्त्रीनगर इलाके में एक रेस्टोरेंट है, जिसमें वह लोगों को शराब पिलाता है।
शराब पीने के बाद लोग रेजिडेंट्स को तंग करते हैं। डीएम ने जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश पुलिसकर्मियों को दिए। थाना दिवस में शहर के चार थानों में महज दो शिकायतें ही आईं। दरअसल, अधिकारियों के न पहुंचने के कारण थाना दिवस की महत्ता लगातार कम होती जा रही है।
आबकारी लक्ष्य में पिछड़ने पर डीएम नाराज
डीएम निधि केसरवानी ने शनिवार को आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ कर एवं करेत्तर तथा राजस्व वसूली की मासिक बैठक की। बैठक में डीएम ने नाराजगी जताई कि आबकारी विभाग ने वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष 23 प्रतिशत ही उपलब्धि हासिल की है।
उन्होंने आबकारी अधिकारी को निर्देश दिया कि वे पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों के साथ मिलकर जनपद में अवैध शराब के उत्पादन व बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाए। बैठक में खनन अधिकारी के गैरहाजिर रहने पर उनसे स्पष्टीकरण मांगने और चेतावनी जारी करने के आदेश अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को दिए।
बैठक में स्टांप बिक्री में संतोषजनक राजस्व नहीं मिलने पर डीएम को एआईजी स्टैंप राजेश शर्मा ने बताया कि बिल्डरों ने फ्लैट बेच दिया है, पजेशन सर्टिफिकेट भी दे दिया है। इसके बावजूद फ्लैटों की रजिस्ट्री नही कराई हैं।
इस पर डीएम ने एडीएम वित्त राजस्व को निर्देश दिया कि वे टीम बनाकर बिल्डरों के फ्लैट का सत्यापन क राए। राजनगर एक्सटेंशन से फ्लैटों के सत्यापन का अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने एआईजी स्टैंप को निर्देश दिया कि वे लीज अभिलेखों बेनामी संपत्तियों की जांच करायें।
उन्होंने कहा कि स्टांप चोरी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त ज्ञानेंद्र सिंह, एडीएम प्रशासन जय शंकर मिश्रा, उपजिलाधिकारी सदर, अतुल कुमार आदि मौजूद रहे।
---