संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद। रविवार की देर रात गश्त कर रहे पीआरवी पर तैनात सिपाहियों से दो-तीन युवकों ने धक्कामुक्की कर दी। आरोपी युवकों ने सिपाहियों की वर्दी तक फाड़ दी। सिपाहियों ने थाना पुलिस को सूचना दी, जब तक पुलिस मौके पर पहुंची आरोपी युवक मौके से भाग गए। पीड़ित सिपाहियों की तहरीर पर दो-तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पीआरवी पर तैनात सिपाही नीरज कुमार और भूपेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार की देर शाम दोनों गश्त पर थे। जब वह पालभवन पर पहुंचे तो दो-तीन युवक शराब पीकर आपस में झगड़ रहे थे। सिपाहियों ने युवकों से लड़ने का कारण पूछा। आरोप है युवकों ने दोनों सिपाहियों के साथ धक्कामुक्की कर दी और मारपीट कर वर्दी तक फाड़ दी।
उन्होंने वायरलेस सेट से थाना और चौकी पुलिस को सूचना दी। इसी बीच आरोपी युवक दोनों सिपाहियों को धक्का देकर भाग गए। सिपाही नीरज और भूपेंद्र सिंह ने क्रासिंग रिपब्लिक थाने में दो-तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने 121(1), सरकारी कर्मचारी से अभद्रता 132, जानबूझकर चोट पहुंचाना 115(2) और शांति भंग 352 की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया है। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।