गाजियाबाद। सक्रिय क्षय रोगी खोज (एसीएफ) अभियान के तहत अभी तक जिले में तीन लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग हुई जिसमें 94 क्षय रोगी मिले हैं। 23 नवंबर से शुरू हुए अभियान के दौरान कुल 5212 लोगों में टीबी से मिलते-जुलते लक्षण पाए गए हैं। यह अभियान पांच दिसंबर तक चलेगा। सीएमओ डा. भवतोष शंखधार ने बताया कि दो सप्ताह से अधिक खांसी या बुखार रहे, खांसते समय बलगम या खून आए या थकान, सीने में दर्द, वजन कम होना की समस्या दिखे तो टीबी के लक्षण हो सकते हैं। इनमें से कोई भी लक्षण होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं। वहीं, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के राजकीय सलाहकार डॉ. दिनेश बलिगा ने बुधवार को मुरादनगर क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने हकीम डाॅ. मोहम्मद शाने आलम के साथ बैठक की जहां तीन मस्जिदों के इमाम भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सभी लोगों के सहयोग से पोलियो की तरह टीबी को भी खत्म करना है। ब्यूरो