गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा को देखते हुए सभी स्कूलों की 29 जुलाई से दो अगस्त तक छुट्टियां की गई हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि जलाभिषेक और शिवरात्रि होने के कारण गाजियाबाद सीमा से बड़ी संख्या में शिव भक्त हरिद्वार से जल लेकर अलग-अलग राज्यों और जनपदों को जाते हैं। जिसकी वजह से वाहनों का आना-जाना प्रतिबंधित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह के निर्देशानुसार जिले के बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि को ध्यान में रखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत संचालित विद्यालय और माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत संचालित विद्यालय, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा, संस्कृत बोर्ड के अंतर्गत संचालित विद्यालय 29 जुलाई से दो अगस्त तक बंद रहेंगे। उन्होंने सभी प्राचार्य, प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा है।