गाजियाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। सामाजिक संस्थाओं के साथ ही प्रशासनिक अमला भी तैयारियों में जुटा हुआ है। यहां तक कि गर्मी की छुट्टियों में बंद स्कूलों को भी 21 जून को योग कार्यक्रम के आयोजन के आदेश दे दिए गए हैं।
सीबीएसई के संयुक्त सचिव ने सभी स्कूलों में योग कराने के आदेश जारी हैं। सीबीएसई ने वेबसाइट पर ऑनलाइन सर्कुलर जारी किया है। संयुक्त सचिव मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा है कि स्कूल प्रशासन विद्यार्थियों को सामूहिक तौर पर योग अभ्यास कराए।
योग दिवस को एक दिन नहीं बल्कि साप्ताहिक तौर पर मनाते हुए योग कार्यशाला, संगोष्ठी, वार्ता के साथ ही वाद-विवाद प्रतियोगिता भी कराई जाए। अब समस्या यह है कि गर्मी की छुट्टियों में स्कूल संचालक बच्चों को बुलाकर योग कैसे कराएंगे।
गीता संजय मेमोरियल स्कूल की प्रिंसिपल अलका सिंघल ने बताया कि योग कराने के लिए सीबीएसई से संदेश मिल गया है। ऐसे में प्रयास है कि 21 जून को शिक्षिकाएं व बच्चे स्कूल पहुंच जाएं। व्यक्तिगत तौर पर शिक्षिकाओं और बच्चों से संपर्क किया जा रहा है।
ठाकुरद्वारा स्कूल की प्रिंसिपल पूनम शर्मा ने कहा कि छुट्टियों की वजह से आयोजन में परेशानी आ रही है। फिर भी प्रयास किया जा रहा है। उधर, माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा जारी आदेश का पालन डीआईओएस को कराना है। डीआईओएस ने बताया कि 21 जून को स्कूलों के माध्यम से बच्चों को कविनगर रामलीला मैदान में सामूहिक तौर योग करने के लिए बुलाया है।