मेरठ रोड पर स्कूल बस में लगी आग। स्रोत वीडियोग्रैब
गाजियाबाद। दिल्ली मेरठ रोड स्थित नंदग्राम कट के पास खड़ी एक निजी स्कूल की सीएनजी बस में शनिवार सुबह आग लग गई। इससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों की मदद से दमकलकर्मियों ने करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इसमें कोई जनहानि नहीं हुई है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 9.26 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को सूचना मिली कि नंदग्राम तिराहे के निकट मेरठ रोड पर खड़ी एक स्कूली बस में आग लग गई है और आग ने पूरे तरीके से बस को अपनी चपेट में ले लिया है। साथ ही आग की लपटें और काला धुआं काफी तेज से फैल रहा था। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियों को दमकलकर्मियों के साथ मौके पर रवाना किया गया। मौके पर पहुंचने के बाद दमकलकर्मियों ने बस के दोनों तरफ होज लाइन व रीज बिछाकर पानी की तेज बौछार करना शुरू कर दिया। करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। गनीमत रही कि आग लगने के दौरान बस में न तो कोई स्कूली बच्चा था और न ही अन्य कोई मौजूद था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने बताया कि बस सीएनजी है और यहां मेंटेनेंस के लिए लाई गई थी। प्राथमिक जांच में सीएनजी किट या वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने के कारण बस में आग लगने की संभावना है।