पेप्सी शर्मा को श्रद्धांजलि देती सपना चौधरी। संवाद
मोदीनगर। मशहूर हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी बृहस्पतिवार को साथी कलाकार व प्रसिद्ध रागनी गायक पेप्सी शर्मा की शोकसभा में शामिल होने उनके पैतृक गांव पतला पहुंचीं। वह पेप्सी शर्मा श्रद्धांजलि के वक्त भावुक हो गईं।
मूल रूप से निवाड़ी क्षेत्र के कस्बा पतला निवासी 39 वर्षीय यशपाल शर्मा उर्फ पेप्सी शर्मा हरियाणवी रागनी जगत का जाना-पहचाना नाम थे। हरियाणवी लोकगीत ‘पतला दुपट्टा तेरा मुंह दिखे’ से उन्हें देशभर में पहचान मिली थी। वह पत्नी और बेटी के साथ नोएडा में रहते थे। रविवार को वह अपनी मां का हालचाल जानने गांव आए थे। इसी दौरान उनके सीने में अचानक तेज दर्द उठा और उनका निधन हो गया।
बृहस्पतिवार को गांव में आयोजित शोकसभा में बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। सपना चौधरी अपनी बहन व अन्य कलाकारों के साथ शोकसभा में पहुंचीं। उन्होंने पेप्सी शर्मा की मां माया देवी और पत्नी रेनू शर्मा से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। सपना ने रेनू शर्मा के सिर पर हाथ रखकर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान वह स्वयं भी भावुक हो गईं।
शोकसभा के दौरान संचालक ने सपना चौधरी से कुछ शब्द कहने का आग्रह किया, लेकिन उनका गला रुंध गया। वह कुछ बोल नहीं सकीं और आंखों से आंसू पोंछते हुए आगे बढ़ गईं। करीब 15 मिनट तक शोकसभा में रहने के बाद वह रवाना हो गईं।