बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र की पॉश कालोनी यमुनापुरम में सोमवार देर रात कार सवार बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर पूर्व प्रधान की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई है। बदमाशों ने वारदात को पूर्व राज्यमंत्री के आवास के सामने अंजाम दिया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि वारदात को पांच हत्यारोपियों ने अंजाम दिया है। जिनकी जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।गौरतलब है कि खानपुर थाना क्षेत्र के गांव जाड़ौल निवासी पूर्व प्रधान संजय पुत्र राजवीर सिंह बीते करीब सात वर्ष से यमुनापुरम कालोनी में मकान बनाकर रह रहे थे। साथ ही उन्होंने पास ही में अपना प्रॉपर्टी डीलर का कार्यालय भी खोला हुआ था। सोमवार को वह देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अपनी एक रिश्तेदारी में हुई मौत में शामिल होने के लिए गए थे। जहां से देर शाम करीब नौ बजे वह यमुनापुरम कालोनी में पूर्व राज्यमंत्री हितेश कुमारी के घर के सामने अपनी कार से पहुंचे थे। जहां उनकी कार के सामने बदमाशों ने अपनी ब्लैक स्कार्पियो कार को लाकर खड़ा कर दिया। उक्त कार में चार बदमाश नीचे उतरे। जिनमें से एक बदमाश ने सामने की ओर से शीशे पर फायरिंग की, जो संजय को लगी। इसके बाद बदमाशों ने संजय की कार की ड्राइवर साइड खिड़की को खोला और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग की आवाज से मौके पर भगदड़ मच गई। इस दौरान बदमाशों की स्कार्पियो को उसमें सवार ड्राइवर ने मोड़ा और चारों बदमाश उसमें बैठ कर फरार हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर दो नामजद आरोपी सोनू और जावेद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, दोनों आरोपी मृतक के बिजनेस साझीदार बताए जा रहे हैं। अब हत्या किन कारणों से और क्यों अंजाम दी गई, इसकी जानकारी अभी पुलिस जुटा नहीं सकी है। पुलिस जल्द ही राजफाश करने का दंभ भर रही है। दो तरह के हथियार किए गए इस्तेमाल हत्या को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने दो तरह के हथियारों का इस्तेमाल किया था। इसकी जानकारी पुलिस को मौके से बरामद हुए खोखों से हुई है। बकौल पुलिस मौके से नाइन एमएम व 312 बोर के खोखे बरामद हुए हैं। जिससे साफ है कि वारदात को सोची समझी रणनीति के तहत अंजाम दिया गया है।मृतक के पास नहीं था कोई हथियारमिली जानकारी के अनुसार मृतक संजय के पास वारदात के समय कोई हथियार नहीं था। यदि संजय के पास कोई हथियार होता तो वारदात के दौरान शायद कुछ और लोगों की भी जान जा सकती थी। सीसीटीवी खंगाले, चंद मिनटों में हुई वारदात पुलिस ने वारदात के बाद मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की और आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ले लिए। इस दौरान पुलिस ने एक ब्लैक स्कॉर्पियो को चिन्हित किया है। जिसमें सवार होकर बदमाश आए और चंद मिनटों में ही करीब दो दर्जन राउंड फायरिंग कर मौके से भाग निकले। कोट संजय की कार को बदमाशों ने पूर्व मंत्री के आवास के सामने रोका और उस कार से उतरे चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान पांचवां बदमाश कार में ही बैठा रहा और वारदात के बाद सभी बदमाश कार लेकर रफूचक्कर हो गए। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही मामले का राजफाश कर दिया जाएगा। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी