माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। दिल्ली से नोएडा पैदल जा रही एक युवती के लिए साहिबाबाद पुलिस मसीहा बनकर सामने आई। लॉकडाउन के दौरान अंधेरे में पैदल ही नोएडा जा रही एक युवती को साहिबाबाद पुलिस ने उसके घर सुरक्षित पहुंचाया। रास्ते में नोएडा पुलिस ने युवती को मास्क भी दिया। घर पहुंचकर युवती ने साहिबाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया।
एसएचओ साहिबाबाद अनिल शाही ने बताया कि बुधवार रात करीब आठ बजे वह रेलवे रोड के पास पुलिस की टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान वहां पर एक पैदल ही पेरशान युवती पहुंची। उन्होंने युवती से रात में पैदल ही घर से बाहर निकलने की वजह पूछी। इस पर युवती ने उन्हें बताया कि वह दिल्ली में अपनी बहन के यहां पर थी। लॉकडाउन होने के दौरान वह वहां फंस गई। इस पर उनके रिश्तेदार उन्हें छोडऩे आ रहे थे लेकिन बार्डर पर उन्हें प्रवेश नहीं करने दिया गया।
इस पर वह पैदल ही घर के लिए निकल गई। एसएचओ साहिबाबाद नेबताया कि युवती को सकुशल नोएडा सेक्टर ४९ स्थित घर पर पहुंचा दिया गया। युवती ने पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया।