अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाली विश्व हिंदू परिषद की नेता साध्वी प्राची ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। बुलंदशहर गैंगरेप पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं साध्वी ने नगर विकास मंत्री आजम खान को भैंस की पूंछ कह डाला। उन्होंने प्रदेश सरकार और आजम खान पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां मंत्रियों की सरपरस्ती में ही बलात्कारी पल रहे हैं।
प्राची मंगलवार को गैंगरेप पीड़ित परिवार से मिलने खोड़ा पहुंचीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अगर परिवार को इंसाफ दिलाना चाहती है तो घटना की सीबीआई जांच कराए। यूपी पुलिस जिस तरह से पकड़े गए आरोपियों को बदलकर केस का खुलासा दिखा रही है, उस पर किसी को विश्वास नहीं है।
साध्वी ने सरकार पर आरोप लगाया कि आरोपियों के नाम बदलकर धर्म विशेष के अपराधियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। आजम खान मामले को सियासी बता रहे हैं, इससे साफ है कि उनकी सरपरस्ती में ही बलात्कारी पल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजम खान को वह भैंस की पूंछ मानती हैं।
हिंदू डॉक्टर से मेडिकल जांच की मांग
साध्वी ने कहा कि पीड़ित मां-बेटी बुलंदशहर में हुई मेडिकल जांच से बिल्कुल संतुष्ट नहीं हैं। उनके साथ बुलंदशहर में बदसलूकी करने वाले डॉक्टरों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। साध्वी ने मांग की कि दोनों पीड़िताओं की मेडिकल जांच दिल्ली मेडिकल कालेज में हिंदू स्त्री रोग विशेषज्ञ से कराई जाए।