गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अहिंसा खंड द्वितीय में रहने वाली रुखसाना ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि साइबर ठगों ने आईजीएल गैस कनेक्शन काटने का पत्र उनके पति के मोबाइल पर भेजा। भुगतान के लिए एपीके फाइल भेजी। उसे डाउनलोड करते ही ठगों ने उनके बैंक खाते से तीन ट्रांजक्शन में सात लाख 34 हजार 142 रुपये अन्य खातों में ट्रांसफर कर लिए।
एडीसीपी अपराध पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि रुखसाना के मुताबिक 31 मार्च की शाम को उनके पति हसन के मोबाइल फोन पर उनके दोस्त के नंबर से एक पत्र भेजा गया। इसमें भुगतान न होने पर आईजीएल कनेक्शन काटने की धमकी दी गई। इसी पत्र पर एक मोबाइल नंबर लिखा था। इस पर संपर्क करने पर एक व्यक्ति ने बताया कि वह उन्हें एक एपीके फाइल भेज रहा है, इसे इंस्टाल कर आईजीएल का भुगतान करना होगा।
हसन ने इस फाइल को पत्नी रुखसाना के मोबाइल पर भेजी और भुगतान करने को कहा। रुखसाना ने एपीके फाइल डाउनलोड की, लेकिन भुगतान करने में असमर्थ रही और मोबाइल हैंग हो गया। कुछ देर बाद ही रुखसाना के बैंक खाते से तीन ट्रांजक्शन में सात लाख 34 हजार 142 रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़िता ने मंगलवार की शाम को ही साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। एडीसीपी ने बताया कि बैंक खातों के आधार पर आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है।