गाजियाबाद। साइबर ठगों ने आईजीएल कनेक्शन कटने का डर दिखाकर गगन एन्क्लेव निवासी एक व्यक्ति के दो बैंक खातों से 5.52 लाख रुपये निकाल लिए। शातिरों ने लिंक भेजकर फोन हैक कर ठगी को अंजाम दिया। ठगी का पता चलने पर मामले में राजीव कुमार अग्रवाल ने साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराया है।
राजीव कुमार अग्रवाल ने दी शिकायत में बताया कि 27 मई को उनके पास एक अनजान नंबर से आईजीएल लिमिटेड नाम से एक मैसेज आया। मैसेज में बताया गया कि आईजीएल गैस कनेक्शन डिस्कनेक्ट कर दिया गया है। उन्होंने मैसेज में दिए गए नंबर पर संपर्क किया। जिससे बात हुई उसने अपना नाम राहुल अग्रवाल बताया। बातचीत में उन्हें आईजीएल कंपनी के नाम से एक लिंक भेजा और उसने बताया कि लिंक में दिए गए फॉर्म में जानकारी भरनी है। विश्वास कर उन्होंने फॉर्म भर दिया। कुछ समय बाद उनके एचडीएफसी बैंक खाते से तीन ट्रांजेक्शन में 5,09,303 रुपये निकाल लिए। ऐसे ही उनके दूसरे बैंक खाते से 43,076 रुपये निकाल लिए। दोनों खातों में से कुल 5.52 लाख रुपये शातिरों ने निकाल लिए। एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। ठगी गई रकम को फ्रीज कराने का प्रयास किया जा रहा है। जिन खातों में रकम गई है उनकी भी जानकारी निकलवाई जा रही है।