पेट्रोल और डीजल के बाद अब रसोई गैस के दाम भी बढ़ गए हैं। जून में ग्राहकों को सब्सिडी सिलेंडर 550 रुपये और कामर्शियल सिलेंडर 1071 रुपये में मिलेगा। सब्सिडी सिलेंडर में 21 रुपये और कामर्शियल सिलेंडर में 37 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। दूसरी ओर पेट्रोल भी 2.02 रुपये बढ़कर 68.43 और डीजल 1.93 रुपये बढ़कर 55.42 रुपये हो गया है।
गैस कंपनियों ने लगातार तीसरी बार रसोई गैस के दामों में वृद्धि की है। गैस डिस्ट्रीब्यूटर ईरेश कुमार के मुताबिक पिछले माह ग्राहकों को सब्सिडी सिलेंडर 529 रुपये में दिया जा रहा था, जो अब बढ़कर 550 रुपये हो गया है। जबकि कामर्शियल सिलेंडर 1034 से बढ़कर 1071 रुपये में दिया जाएगा।
अंतर्राष्टीय स्तर पर बढ़ रही पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों का असर रसोई गैस पर भी पड़ा है। कामर्शियल सिलेंडर के रेट बढ़ने से होटलों और रेस्टोरेंट का खाना-पीना भी महंगा हो जाएगा।
उधर, पेट्रोल और डीजल के रेट भी बढ़ गए हैं। पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जयवीर सिंह ने बताया कि तेल की कीमतें भी बढ़ी हैं। पेट्रोल जो पहले 66.41 रुपये प्रति लीटर था, वह अब 68.43 रुपये में मिलेगा। जबकि डीजल 53.49 रुपये से बढ़कर 55.42 रुपये में ग्राहकों को दिया जा रहा है। नई कीमतें लागू हो चुकी हैं।