गाजियाबाद। गंगा दशहरा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 23 जून से 25 जून तक गढ़ गंगा दशहरा मेला का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान गढ़मुक्तेश्वर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान करने के लिए आवागमन करेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गढ़मुक्तेश्वर, जनपद हापुड़ की ओर जाने वाले सभी प्रकार के भारी व्यावसायिक वाहनों का रूट बदला गया है।
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि सभी प्रकार के भारी व्यावसायिक वाहन जिनका गंतव्य स्थल, अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ आदि है, उनका आवागमन गाजियाबाद से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-नौ से होकर हापुड़ की ओर पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। ये सभी वाहन डासना गाजियाबाद से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का प्रयोग करते हुए सिकंदराबाद, बुलंदशहर, डिबाई, नरौरा और बबराला होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।