वारदात कर तेज रफ्तार बाइकों पर रफूचक्कर हो जाने वाले बदमाशों से अब पुलिस उन्हीं के स्टाइल में निबटेगी। रविवार शाम 180 सीसी की 23 लैपर्ड-ईगल (अपाची) बाइकें सड़कों पर उतारीं गईं।
पुलिस लाइंस में एसपी ट्रैफिक और कार्यवाहक एसपी सिटी राजेश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर इन बाइकों को रवाना किया। इनमें 13 लैपर्ड शहरी क्षेत्र के लिए हैं और 10 ईगल देहात क्षेत्र के लिए। इन पर दो पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, एक हेड कांस्टेबल और दूसरा कांस्टेबल।
यह बाइकें कंट्रोल रूम से कनेक्ट होंगी। अभी तक 125 लैपर्ड-ईगल पुलिस के पास थीं, जिनमें से अधिकांश 150 सीसी की हैं। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि अब लैपर्ड-ईगल की तादाद 148 हो गई है, इससे क्राइम कंट्रोल करने में मदद मिलेगी।
लैपर्ड-ईगल पर तैनात पुलिसकर्मियों ने शहर में रात नौ बजे तक गश्त किया। साथ ही सड़क सुरक्षा और सुरक्षित यातायात के संबंध में पंफलेट बांटते हुए जन सामान्य को जागरूक भी किया।
बता दें कि स्नैचर या लुटेरे तेज रफ्तार बाइकों पर रहते हैं। वारदात कर भागते हुए कई बार पुलिसकर्मी उनका लैपर्ड से पीछा भी करते हैं, मगर रफ्तार तेज होने के कारण वे पकड़ में नहीं आते हैं।
रात नौ बजे तक किया गश्त
नई लैपर्ड और ईगल से पुलिसकर्मियों ने गश्त किया। शाम पांच बजे पुलिस लाइंस से निकलने के बाद पुलिसकर्मी हापुड़ चुंगी होते हुए पुराना बस अड्डा फ्लाईओवर से हापुड़ मोड़, नया बस अड्डा होते हुए मेरठ तिराहा पहुंचे।
वहां से मोहन नगर होते हुए साहिबाबाद, शहीदनगर, भोपुरा, पसौंडा, हिंडन गोल चक्कर से वसुंधरा, मेट्रो वैशाली, डाबर होते हुए महाराजपुर बार्डर, डाबर तिराहा, यूपी गेट, खोड़ा पहुंचे। इसके बाद इंदिरापुरम से आदित्य मॉल, मकनपुर, किसान चौक, डीपीएस होते हुए जयपुरिया से सीआईएसएफ, विजयनगर, गोशाला अंडरपास, कैलाभट्टा, जस्सीपुरा, घंटाघर, चौधरी मोड़ राकेश मार्ग, नासिरपुर फाटक से रामलीला ग्राउंड, कविनगर सी-ब्लाक मार्केट से इंग्राहम कट, राजनगर, संजय नगर केंद्रीय विद्यालय होते हुए वापस पुलिस लाइंस पहुंचे।