बुलंदशहर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों का संचालन शुक्रवार रात से शुरू हो गया। जिले से अन्य जनपद परीक्षा देने जाने वाले और अन्य जनपद से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित बसों को रवाना किया गया। शुक्रवार और शनिवार को सहारनपुर, हापुड़ और गौतमबुद्धनगर को बसें रवाना की गईं। फर्रूखाबाद, अलीगढ़, फिरोजाबाद, अलीगढ़-आगरा, मुजफ्फरनगर-सहारनपुर और गौतमबुद्धनगर से आए अभ्यर्थियों को परीक्षा संपन्न होने के बाद बसों से गतंव्य भेजा गया।
जिले में गौतमबुद्धनगर व हापुड़ से महिला अभ्यर्थी और आगरा, इटावा, फर्रूखाबाद, फिरोजाबाद, कासगंज से पुरुष अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। जबकि जिले से महिला अभ्यर्थी गौतमबुद्धनगर और पुरुष अभ्यर्थी सहारनपुर जिला जा रहे हैं। दो दिन आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए बुलंदशहर, खुर्जा व सिकंदराबाद डिपो की 250 बसें आरक्षित की गईं। शुक्रवार रात चार बस व शनिवार सुबह से शाम तक छह बसों से पुरुष अभ्यर्थी सहारनपुर को रवाना हुए।
शनिवार दोपहर में आगरा, इटावा, फिरोजाबाद, कासगंज, गौतमबुद्धनगर व हापुड़ के अभ्यर्थियों को छोड़ने के लिए 40 से अधिक बसें रवाना की गईं। आगरा से आए सचिन ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने के बाद घर वापस जाने को आसानी से बस मिल गई। हापुड़ से आए नितिन ने बताया कि परीक्षा के लिए आने-जाने में कोई परेशानी नहीं हुई।
Iपीईटी के लिए शुक्रवार रात से बसों का संचालन शुरू हो गया जो रविवार शाम तक कराया जाएगा। अन्य जनपदों से भी अभ्यर्थियों को लेकर बसें आई हैं, जो वापसी में अभ्यर्थियों को लेकर रवाना हुईं। जिले से जाने वाले अभ्यर्थियों को भी बसें वापस लेकर आएंगी। सभी बसों में दो-दो चालकों की तैनाती की गई है। - परमानंद, एआरएम बुलंदशहर डिपोI