जीडीए ने राजनगर एक्सटेंशन चौराहे के भीषण जाम से बचने का रास्ता निकाल लिया है। सिकरोड की एक पतली सड़क को 45 मीटर चौड़ी करके जाम से निजात दी जाएगी।
यह रोड एनएच-58 को राजनगर एक्सटेंशन रोड से कनेक्ट कर देगी। इस रोड से मेरठ-दिल्ली रूट के ट्रैफिक को निकाला जाएगा और लोग राजनगर एक्सटेंशन चौराहे को क्रॉस करने से बच जाएंगे। इस रोड का निर्माण कार्य एक महीने में शुरू कर दिया जाएगा।
राजनगर एक्सटेंशन चौराहे से मुरादनगर की तरफ 5-6 सौ मीटर आगे बढ़ने पर बायीं ओर भट्ठा नंबर-5 रोड आती है। यह सिकरोड गांव की सड़क है, जो आगे नंगला मोहनपुर की ओर निकल जाती है। इस रोड की चौड़ाई फिलहाल करीब बीस मीटर है। इस रोड पर कहीं इंटरलाकिंग टाइल्स हैं तो कहीं कच्ची है।
अब इसेे पक्की कर इसकी चौड़ाई 45 मीटर की जाएगी। इस रोड को करीब दो किलोमीटर की लंबाई में आगे बढ़ने पर राजनगर एक्सटेंशन रोड से मिला दिया जाएगा।जीडीए वीसी विजय यादव ने बताया कि एनएच-58 पर मेरठ की तरफ से राजनगर एक्सटेंशन रोड पर आने वाले ट्रैफिक से इस चौराहे पर भारी जाम लगता है।
अब मेरठ की तरफ से जीटी रोड पर आने वाले ट्रैफिक को इस रोड पर मोड़ दिया जाएगा। इसी तरह गाजियाबाद से मेरठ की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को इसी रोड से निकाला जाएगा। इससे दोनों तरफ का ट्रैफिक चौराहे के जाम से बच जाएगा। उन्होंने बताया कि इस रोड का निर्माण एक करोड़ 40 लाख की लागत से किया जाएगा।
बनेगा नया कट
मुरादनगर से राजनगर एक्सटेंशन चौराहे की ओर आने पर भट्टा नंबर-5 रोड की तरफ मुड़ने के लिए फिलहाल कोई कट नहीं है। यहां नया कट बनाया जाएगा। इस कट के लिए संबंधित विभाग को डिजाइन तैयार करने को कहा गया है।
ग्रामीणों में खुशी
इस रोड के निर्माण की खबर से ग्रामीणों में खुशी है। ग्रामीणों ने बताया कि इसी रोड से वे गढी, बहावपुर, अटौर, नंगला मोहनपुर आदि गांवों की ओर जाते हैं। फिलहाल इस रोड की हालत जर्जर है। नई रोड बनने से उनके लिए करीब दो किलोमीटर की दूरी तय करना आसान हो जाएगा।
वहीं खास बात यह भी है कि इस रोड को 45 मीटर चौड़ी किए जाने के दौरान सड़क किनारे बने कुछ मकानों व दुकानों के बाहरी हिस्से को ढहाना होगा।