वसुंधरा। रामलीला चौक के पास शुक्रवार को बारिश के दौरान अचानक सड़क धंस गई। सड़क का हिस्सा अचानक नीचे धंसने से गहरा गड्ढा बन गया। गनीमत रही कि बारिश के दौरान आवाजाही नहीं हुई और न ही इस दौरान कोई बड़ा वाहन गुजरा नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
ई-रिक्शा चालक सोनू ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क पर आवागमन अपेक्षाकृत कम था। इसी वजह से सड़क धंसने के समय कोई वाहन या राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा होने से बच गया। हालांकि, सड़क धंसने की घटना ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सड़क के नीचे की स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, लोगों ने संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कर सड़क धंसने के कारणों का पता लगाने और गड्ढे की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क को सुरक्षित नहीं किया गया तो दोबारा बारिश होने पर गड्ढा और बढ़ सकता है। वहीं, नगर निगम निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एनके चौधरी का कहना है कि टीम को भेजकर निरीक्षण कर मरम्मत कराई जाएगी।